मधुबन तहसील क्षेत्र के दरगाह-सिकड़ीकोल मार्ग पर सिकड़ीकोल गांव में पुल निर्माण के लिए 42.02 लाख रुपये स्वीकृत हो गया है। शासन से बजट पास होेने के बाद वहां मिट्टी डालने का काम शुरु कर दिया गया है।
पुल बन जाने से 24 से अधिक गांव के किसानों को बारिश के दिनों में फसल डूबने के संकट से निजात मिलेगी और तहसील सहित ब्लॉक से संपर्क भी नहीं टूटेगा। किसानों की मांग पर उत्तर प्रदेश कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने शासन को पत्र लिखकर बजट की मांग की थी।
वर्ष 2015 में इस मार्ग पर पुलिया का निर्माण कराया गया था। आकार छोटा होने से बारिश के दिनों में पानी की निकासी नहीं होती थी, इससे सैकड़ों एकड़ फसल डूब जाती थी। देवारा के लगभग 24 से अधिक गांव का संपर्क मधुबन-दोहरीघाट मुख्य मार्ग से टूट जाता था।
वर्तमान में यहां स्थित तीनों पुलिया टूट चुकी हैं। स्थानीय लोग सड़क पर मिट्टी पाट कर किसी प्रकार आवागमन बहाल किया था। बरसात के दिनों में सड़क के दोनों किनारों पर भारी जलभराव से पानी के भारी दबाव से कई बार पुलिया टूट चुकी है।
बीते दिनों नगर विकास और उर्जा मंत्री एके शर्मा के क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों ने पुलिया के निर्माण की मांग किया था। एके शर्मा के प्रस्ताव पर दरगाह-सिकड़ीकोल पर पुलिया निर्माण के लिए 45.2 लाख रुपये आवंटित कर दिया गया है।
स्थानीय सूरज राय, हरिओम शर्मा, सच्चिदानंद राय, अजय राय, शिवानंद राय, ब्रजेश राय, सत्यम राय, प्रशांत गुप्ता, प्रेमशंकर राय, शिवदेनी ने कहा कि पुलिया बनने से लोगों को हर साल बरसात के दिनों में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
पुलिया निर्माण के लिए शासन से 45.2 लाख रुपये आवंटित कर दिया गया है। आगे की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरु कर दिया जाएगा।
- बाबूलाल यादव, अवर अभियंता, लोक निमार्ण विभाग, निर्माण खंड