मऊ। टीईटी संघर्ष मोर्चा की बैठक नगर के जीवन राम छात्रावास के मैदान में हुई। इसमें प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक की भर्ती प्रक्रिया में सरकार द्वारा किए जा रहे बदलाव की आलोचना की गई। साथ ही आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि सरकार नकल माफियाओं को बढ़ावा देने के लिए टीईटी 2011 की अर्हता से पात्रता बना रही है। आज जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं को छोड़ कर अभ्यर्थी हाईस्कूल, इंटर की परीक्षाओं में मेरिट बढ़ाने के चक्कर में नकल माफियाओं के विद्यालयों में प्रवेश लेने की होड़ लगी है। इसी क्रम में मुहम्मद अहमर ने कहा कि जब एक बार सरकार द्वारा हम बेरोजगारों से अर्हता के रूप में परीक्षा लिया गया और जब चयन की बारी आयी तो पुन: दूसरा मानक निर्धारण करना न्यायोचित नहीं है। सरकार केवल राजनीति से प्रेरित होकर बेरोजगारों का शोषण कर रही है। वर्तमान सरकार के उदासीन रवैये के कारण ही आज भर्ती प्रक्रिया नौ माह से लंबित है। अमरजीत कुमार, विनोद कुमार, लालमुनि यादव, सुनील कुमार उपाध्याय, रितेश कुमार राय, रामभवन, संजीव कुमार, चंद्रजीत यादव, श्रीप्रकाश यादव, अशोक चौहान, श्रीकृष्ण चौहान, रामविलास रहे।