मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली में सोमवार की रात कप्तान का मैसेज पास होने के दौरान ही उठकर जाने पर हुए विवाद में कोतवाल और चौकी प्रभारी के बीच रिवाल्वर तन गई। पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद किसी तरह मामला शांत हो सका। इस मामले में देर शाम एसपी जोगेंद्र कुमार ने चौकी प्रभारी रंजीत सिंह को दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया।
करीब पौने दस बजे पुलिस अधीक्षक मातहतों को वायरलेस पर विशेष निर्देश दे रहे थे। कोतवाली में सभी दारोगा और पुलिसकर्मी मैसेज सुनने लगे। इसी बीच कस्बा चौकी प्रभारी रंजीत सिंह उठकर चले गए। पांच मिनट बाद लौटे तो कोतवाल महिपाल सिंह यादव ने उनसे जाने का कारण पूछा। चौकी प्रभारी ने लघुशंका को कारण बताया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। मामले ने इस कदर तूल पकड़ लिया कि चौकी प्रभारी ने हाथ में सर्विस रिवाल्वर ले ली। यह देखते ही कोतवाल का पारा चढ़ गया। भागकर वे अपने आवास में गए और रिवाल्वर ले आए। महकमे के लोगों ने दोनों को समझाकर शांत कराया।
कोतवाल का कहना है कि कारण पूछने पर चौकी प्रभारी ने लगने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया। हालांकि दारोगा रंजीत सिंहा का कहना है कि जब वह लौटे तो कोतवाल ने अपशब्दों का प्रयोग किया। देर शाम चौकी प्रभारी के निलंबन की कार्रवाई करते हुए एसपी ने चेताया है कि जो भी अनुशासन तोड़ेगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।