मऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि देश के लिए पाकिस्तान और चीन बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। पाक सीमा पर स्थित गांवों की हालत बेहद खराब है। आए दिन हो रही गोलीबारी से परेशान होकर सीमा पर बसे ग्रामीण पलायन कर रहे हैं। यह बातें उन्होंने गुरुवार को शहर के हिंदी भवन में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में कहीं।
इस दौरान पदाधिकारियों को गुरुमंत्र देते हुए कहा कि देश का अस्तित्व बचाने के लिए मोदी सरकार जरूरी है। इसलिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता कमर कस लें। बूथवार ही नहीं घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। लोगों को भाजपा की नीतियों से अवगत कराए। अगर ऐसा कर दिया तो कामयाबी जरूर मिलेगी।
इस दौरान कहा कि कांग्रेस के कुशासन से जनता परेशान है और देश में बदलाव चाहती है। देश में मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति हावी हो रही है। हिंदुओं की सुनने वाला कोई नहीं है। प्रदेश के मुजफ्फरनगर का दंगा मुस्लिम तुष्टिकरण नीति की देन है। प्रदेश सरकार की लापरवाही का परिणाम रहा। प्रदेश की सपा सरकार जनता की गाढ़ी कमाई को लुटा रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों और माफियाओं का प्रदेश में राज है। प्रदेश सरकार का खुद के विधायक और मंत्री पर भी नियंत्रण नहीं है। इस सब से छुटकारे के लिए मोदी की सरकार आनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशील कुमार राय व संचालन महामंत्री आनंद प्रताप सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी हरिनारायण राजभर, मीडिया प्रभारी सुशील कुमार, अरविंद सिंह जोगेश सिंह आदि मौजूद रहे।