रानीपुर। लोकसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं में जागरूकता के लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं। मंगलवार को खुरहट न्याय पंचायत के आधा दर्जन विद्यालयों के बच्चों ने जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण से मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्र सबसे पहले वोट दो, सारा काम छोड़ दो का नारा लगा रहे थे। कसबा सहित आसपास के क्षेत्रों में छात्रों ने भ्रमण किया। मतदाता जागरूकता रैली को तहसीलदार मुहम्मदाबाद गोहना और खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मतदाता जागरूकता रैली जूनियर विद्यालय खुरहट से चलकर खुरहट बाजार, भटौली मोड़ होते हुए वापस फिर रानीपुर मोड़ तक आने के बाद पुन: जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में पहुंची। इस दौरान तहसीलदार अमसाल अहमद ने कहा कि 12 मई का दिन राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए। सभी को अपने वोट की कीमत को पहचानना होगा और उसके महत्व को समझना होगा। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने कहा कि मतदाता देश की तकदीर हैं। उनका एक एक वोट कीमती है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी मतदाताओं को 12 मई को अपने बूथ पर जाकर मत देना चाहिए साथ ही अपने पास पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय खुरहट, कसारी, डा. राममनोहर लोहिया शिक्षण संस्थान खुरहट, सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर आदि विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से ग्राम प्रधान सूर्यभान यादव, अशोक श्रीवास्तव, मुन्नू राम, मुराली राम, स्वामीनाथ चौहान, मतलूम रहमान, प्रेमचंद, नागेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।
कोपागंज। प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय मूंगमास मठिया के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को अध्यापकों की अगुवाई में मतदाता जागरुकता रैली निकाली। मतदाताओं को जागरुक करने के लिए बच्चों के स्लोगन लिखी तख्ती और नारा लगाकर जनता को उनके अधिकार के बारे में बताया। मतदाता जागरूकता रैली में बच्चों ने ‘आधी रोटी खाएंगे, वोट डालने जाएंगे’। ‘पापा-मम्मी रखे ध्यान, 12 मई को है मतदान’। ‘अपनी मर्जी की हो सरकार, तभी होगा देश का कल्याण’। आदि तरह-तरह का नारा लगाकर आम जन मानस को उनके हक और अधिकार के बारे में सचेत किया। रैली सुबह 7.30 बजे स्कूल से निकली। कसबा होते हुए रैली मोहल्लों और गांवों में भी गुजरी। इस मौके पर प्रधानाचार्य धर्मराज राय, सहायक अध्यापक सूर्य बली, सरिया यादव, सुखदेश प्रसाद, प्रमोद पांडेय, शारदा देवी, अर्चना, किरन सहित शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।