दोहरीघाट/सिपाह इब्राहिमाबाद। पुलिस की निष्क्रियता के चलते क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। पुलिस को चुनौती देते हुए मंगलवार की रात चोरों ने तीन व्यवसायियों को अपना निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब एक लाख रुपये के कंप्यूटर सेट, बैट्री, पांच हजार नगद, कपड़ा समेत कई जोड़ा जूता चुराकर चंपत हो गए। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा और मधुबन थाना क्षेत्र के सिपाह इब्राहिमाबाद बाजार में चोरी हुई। बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों में दहशत है। साथ ही उनमें पुलिस के प्रति नाराजगी भी है। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुम्हा निवासी प्रवीण कुमार की बाजार में कंप्यूटर की दुकान है। वह कंप्यूटर सेट बेचने और बनाने का काम करते हैं। मंगलवार की रात को प्रवीण दुकान बंद कर घर चले गए। रात में ही चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखा कंप्यूटर सेट, बैट्री आदि सामान लेकर फरार हो गए। कुछ ही दूरी पर अशोक कुमार का किराने की दुकान है। चोर उसके दुकान का भी ताला तोड़कर लगभग पांच हजार रुपया नगद और सामान चुराकर नौ दो ग्यारह हो गए। घटना की जानकारी सुबह व्यवसायियों को हुई। दुकान के अंदर से सामान गायब थे और कुछ बिखरा पड़ा था। मधुबन थाना क्षेत्र के ग्राम सिपाह इब्राहिमाबाद पुरानी बाजार निवासी मोहम्मद हसनैन की नई बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान है।
मंगलवार की रात को दुकान के पीछे स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। सुबह बाजार के लोगों ने इसकी सूचना मोहम्मद हसनैन को दी। सूचना मिलने पर पहुंचे हसनैन दुकान की स्थिति अवाक रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी हासिल की। नाराज व्यवसायियों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।