जिले के परिषदीय विद्यालयों में गर्मी में पंखा चलेगा और ट्यूबलाइट जलेगी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग के मांग पर बिजलीविहीन 137 परिषदीय विद्यालयों के लिए शासन ने बजट जारी किया है। विभाग ने 28.77 लाख रुपया का बजट विद्यालय प्रबंध समिति के खाते मेें भेजा है।
जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इन विद्यालयों में से 1365 परिषदीय विद्यालयों में पहले से ही बिजली कनेक्शन के साथ ही लाइट व पंखे का इंतजाम होने का दावा किया गया है। विभाग की मांग पर 137 विद्यालयों वायरिंग, पंखा व ट्यूबलाइट आदि के लिए शासन ने धनराशि उपलब्ध करा दी है। प्रत्येक विद्यालय को 21 हजार रुपये उपलब्ध कराया जाना है।जिसमें 15 हजार रुपये वायरिंग के लिए और छह हजार रुपये पंखा, ट्यूबलाइट आदि की व्यवस्था के लिए है। लोकसभा चुनाव के तहत मतदान के पूर्व ही सभी विद्यालयों पर सारी व्यवस्था दुरुस्त कर लिए जाने की योजना है। सारा कार्य विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से होना है। जिसके चलते विभाग से विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में पैसा भेजने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही यह निर्देश भी दिया जा रहा है कि जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करा लिया जाए। गर्मी के मौसम में सभी परिषदीय विद्यालयों में लाइट होने पर पंखा चलेगा और ट्यूबलाइट जलेगी।
नोडल अधिकारी तथा जिला समन्वयक अजीत तिवारी ने बताया कि 137 विद्यालयों वायरिंग, पंखा व ट्यूबलाइट आदि के लिए 28.77 लाख रुपया विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेज दी गई है।