कोपागंज (मऊ)। थाना क्षेत्र के देवकली विशुनपुर ग्राम के प्रधान ने गांव के 29 ग्रामीणों पर शौचालय की धनराशि गबन करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने को लेकर तहरीर दी। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि संबंधित ग्रामीणों का चयन स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया गया था। लेकिन शौचालय बनवाने के लिए योजना के तहत प्रथम किस्त मिलनेे के बाद भी शौचालय निर्माण नहीं कराया जा रहा है। कई बार ग्राम स्तर पर लाभार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन न मानने पर तहरीर दी।
पुलिस को सौंपे गए तहरीर में कोपागंज की देवकली विशुनपुर ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान पूनम देवी पत्नी मुन्नूराम ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायत में 141 शौचालय बनवाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके तहत 29 लाभार्थियों को छोड़कर 112 लाभार्थी निर्माण पूरा करा चुके हैं। जबकि इन 29 लाभार्थियों को योजना के तहत पहली किस्त के रूप में पांच हजार का अनुदान दिया जा चुका है। कई बार ग्राम पंचायत स्तर पर लाभार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन इन लाभार्थियों द्वारा शौचालय निर्माण पूरा कराने में रुचि दिखा रहे हैं। इसके चलते उन्होंने मंगलवार को कोपागंज थाने में 29 लाभार्थियों के विरुद्ध शासकीय राशि गबन करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।