रविवार की रात आए आंधी और पानी के चलते 12 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग लापरवाह बना है। ऐसे में ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी है।
दुबारी : मोलनापुर विद्युत उपकेंद्र से 10 से अधिक गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। रविवार की रात आए आंधी में कई इलाकों में पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है। लगातार 42 घंटे से बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। क्षेत्र के अमित तिवारी, डॉ. इरफान, जयराम यादव, देवेंद्र यादव, मुन्ना मौर्य, प्रेमचंद शर्मा का कहना है कि अधिकारियों तथा कर्मचारियों की उदासीनता ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। आपूर्ति बहाल करने के लिए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया बावजूद व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई। आपूर्ति बाधित होने से इस गर्मी में लोग परेशान हो गए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। अवर अभियंता अच्छे लाल ने बताया कि पोल के ऊपर पेड़ गिर जाने से समस्या आई है। जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
रानीपुर : रानीपुर ब्लाक के जमालपुर गांव में रविवार को आई आंधी पानी से बिजली सप्लाई के लिए लगे चार खंभे क्षतिग्रस्त होने और कई जगहों पर पेड़ों के तारों पर गिरने के चलते बख्तावरगंज बिजली उपकेंद्र के फीडर नंबर तीन से जुड़े एक दर्जन गांव में बिजली आपूर्ति ठप है। पिछले 35 घंटे से ज्यादा समय से बिजली गुल होने से गांवों में पेयजल और गर्मी के चलते लोगों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। ग्रामीण रमेश, मोहन, अजय ने कहा कि वह अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। अवर अभियंता विवेक खरवार का कहना है की रात में आंधी के कारण पेड़ और खंभे के गिरने के कारण बिजली फाल्ट हो गई है। फाल्ट को ढूंढकर ठीक करने का कार्य चल रहा है जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।