बढुआ गोदाम। बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास बिजली की गडबड़ी ठीक करते गंभीर रूप से झुलसे प्राइवेट लाइमैन की मौत बृहस्पतिवार को यहां जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
जानकारी के अनुसार सुरेश पाल (52 )बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी था। सुरेश पाल प्राइवेट लाइमैन का काम करता है। उसके परिजनों का कहना है कि बीबीपुर गांव में आंधी पानी आने के कारण गांव की बिजली खराब हुई थी। गांव वालों के कहने पर बिजली ठीक करने के लिए सुरेश पाल ने बरौली सब स्टेशन पर फोन कर बीबीपुर गांव की बिजली को शट डाउन करने को कहा था। लेकिन सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने इब्राहिम पट्टी गांव के फीडर का शट डाउन कर दिया। सुरेश जैसे ही बीबीपुर गांव में जंपर बदलने के लिए खंबे पर चढ़ा तभी अचानक करेंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों ने आनन फानन में नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों के रेफर करने पर सुरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान देर रात करीब 10:15 बजे सुरेश की मौत हो गई।