रानीपुर। गांवों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें तराशने की जरूरत है। प्रतिभावान ग्रामीण युवाओं को मंच देकर प्रतिभा प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करने का उचित मंच नेहरू युवा केंद्र है। यह बातें नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में जय मां खंडवारी महिला महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित कलस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने के पश्चात समाजसेवी शिवव्रताप यादव मुन्ना ने कही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबधंक डॉ. अरविंद कुमार यादव ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं आपसी मेलजोल बढ़ाने का माध्यम भी है। खेलकूद के माध्यम से युवा स्वस्थ भी रहेंगे और अपनी पहचान भी बनाएंगे।
बालीबाल प्रतियोगिता में नेहरू युवा मंडल महलीपुर ने दो सेट के मैच में क्रमश: 12 एवं 10 के सापेक्ष 15-15 अंक अर्जित कर अदरी को पछाड़ते हुए शील्ड अपने नाम कर लिया। कबड्डी में गजेंद्रपुर को हराकर पलिया ने विजेता का स्थान हासिल किया। दूसरी ओर पुरुष गोला फेंक में क्रमश: दिवाकर यादव प्रथम मनीष यादव द्वितीय, दीपक यादव तृतीय रहे। महिलाओं के गोलाफेंक में संध्या मोदनवाल, प्रेमलता एवं अर्चना क्रमश: विजेता रहीं, महिलाओं की भाला फेंक प्रतियोगिता में अर्चना सिंह संध्या मोदनवाल तथा कुमारी खुशबू विजेता रहीं। इस दौरान लंबी कूद, ऊंची कूद सोलह सौ मीटर के दौड़ में क्रमश: गांगुली यादव, आकाश पासवान, प्रद्युम्न सिंह विजेता रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी नरेंद्र तिवारी, अभय कुमार गांधी, लेखाकार ओम प्रकाश मिश्र , हंसराज चौहान, केदार राम , सौरभ तिवारी अशोक कुमार शर्मा आदि ने सहयोग किया। निर्णायक रमाशंकर यादव, अखिलेश यादव, रामानंद पासवान मनिराम यादव रहे ।