दोहरीघाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव में गुरुवार की शाम को एक युवक ने आपसी विवाद में एक युवक ने अपने पिता को चाकू मार दिया। घायल को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
इब्राहिमाबाद गांव निवासी शैलेश यादव का अपने पिता दयाशंकर यादव से किसी बात को विवाद चल रहा था। पिता की कुछ आदतों से शैलेश नाराज रहता है। उसने कई बार अपने पिता को आदतों में सुधार लाने को कहा था। इसे लेकर गुरुवार की शाम को लगभग साढ़े छह बजे पिता पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान तैश में आए शैलेश ने आव देखा न ताव, घर में रखा चाकू उठाकर पिता के पेट में घुसेड़ दिया। चाकू लगते ही दयाशंकर लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अप्रत्याशित रूप से घटी इस घटना की सूचना गांव वालों ने डायल 100 पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को आनन फानन स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। वारदात को अंजाम देने के बाद घर पर ही बैठे शैलेश को हिरासत में लेकर पुलिस थाने आई। उधर घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।