घोसी। हमीदपुर इंद्रपुर की घटना को लेकर कोतवाली में दोनों पक्षों की बैठक गुरुवार को हुई। जिसमें कोतवाल ए पी शुक्ला ने दोनों पक्षों से सद्भाव कायम करने की अपील की। साथ ही दोनों पक्षों से 15/15 पुलिस मित्र बनाने का निर्णय लिया गया।
घोसी कोतवाली के हमीदपुर व इंद्रपुर आदि गांवों में बीते वर्ष ईद के दिन से कुछ मनबढ़ युवकों के चलते तनाव व्याप्त हो गया था। जिसको लेकर मई माह में एक महिला की मोटरसाइकल की टक्कर के बाद मौत के बाद क्षेत्र में सद्भाव ख़राब हो गया था। उसके बाद 19 जून की रात में माहपुर करहा निवासी मोहम्मद फायक जो कि हमीदपुर रिश्तेदारी में मय्यत में गया था, को आते समय उनके ऊपर अज्ञात अपराधियों ने फायर कर घायल कर दिया था। इसे लेकर एक बार पुन: माहौल खराब हो गया था। इसको गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाल घोसी को दोनों पक्षों को बैठाकर शांति व सद्भाव स्थापित करने का निर्देश दिया। इसको लेकर कोतवाल ए पी शुक्ला ने हमीदपुर के साथ इंद्रपुर, बीबीपुर आदि गांवों के प्रधान के साथ प्रमुख लोगों को गुरुवार को बैठक कर उनके सुझाव को लिया। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही। इस पर दोनों पक्षो ने शांति, सद्भाव कायम करने का आश्वासन दिया। यह भी तय हुआ की दोनों पक्षो के 15/15 समझदार लोगों को पुलिस मित्र बनाया जाएगा। उपनिरीक्षक बी के सिंह, सवींद्र राय के अलावा हमीदपुर के प्रधान फरीदबाबा, पूर्व प्रधान रमेश यादव, सलीम, कैफुल, शम्स तवरेज, शिवकुमार राजभर, रामसिंह चौहान, सूबेदार चौहान, मो.मौसल, असीम अहमद आदि शामिल रहे।