त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के महामुकाबले के नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को कोपागंज, परदहां और रतनपुरा बलाक में काफी गहमागहमी रही। प्रत्याशी अपने समर्थकों व लाव लश्कर के साथ नामांकन करने पहुंचे। तीनों ब्लाक में ग्राम प्रधान पद के लिए 847 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
इस प्रकार तीनों ब्लाकों में प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 1829 हो गई। इसके अलावा हर ब्लाक में सदस्य पदों के लिए नामांकन करने वालों की भीड़ दूसरे दिन भी देर शाम तक रही। कर्मचारी देर रात तक नामांकन करने वालों की संख्या का जोड़ घटाना लगाते रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत के प्रथम चरण का मतदान 28 नवंबर को है। प्रथम चरण मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से ही शुरू है। मंगलवार को आखिरी दिन सुबह आठ बजे से ही प्रत्याशियों का आना शुरू हो गया। नामांकन के लिए हर ब्लाक में न्याय पंचायतवार टेबलों की संख्या लगाई गई। भीड़ अधिक बढ़ने पर हर न्याय पंचायतवार जमानत राशि के लिए अलग से टेबल बनाए गए।
परदहां ब्लाक में कुल 51 ग्राम प्रधान पदों के लिए पहले दिन 377 एवं दूसरे दिन 563 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस प्रकार यहां कुल प्रत्याशियों की संख्या प्रधान पद पर 563 हो गई। पहले दिन यहां 667 सदस्य पदों के लिए 210 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। जबकि दूसरे दिन 516 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। इस प्रकार सदस्य पद के लिए कुल 726 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
कोपागंज ब्लाक में 81 ग्राम प्रधान पदों के लिए पहले दिन 356 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था जब कि दूसरे दिन 312 ने नामांकन दाखिल किया। इस प्रकार यहां प्रधान पद पर नामांकन करने वालों की संख्या 668 हो गई। इस ब्लाक में 1049 सदस्य पद के लिए पहले दिन 295 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। जब कि दूसरे दिन 910 ने नामांकन दाखिल किया। इस प्रकार यहां सदस्य पद के लिए कुल 1205 प्रत्याशी हो गए।
रतनपुरा ब्लाक के 77 पदों के लिए 249 प्रत्याशियों ने पहले दिन नामांकन दाखिल किया था। दूसरे दिन नामांकन करने वालों की संख्या 349 है। इस प्रकार यहां कुल प्रधान पद के प्रत्याशियों की संख्या 668 हो गई। इस ब्लाक में 971 सदस्य पद के लिए पहले दिन 307 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। दूसरे दिन 910 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस प्रकार यहां सदस्य पदों के लिए कुल प्रत्याशियों की संख्या 1205 हो गई।
तीनों ब्लाकों पर नामांकन के लिए गहमागहमी रही। तीनों ब्लाकों में प्रथम चरण के नामांकन का आखिरी दिन होने के चलते काफी भीड़ तो दिखी ही प्रत्याशी नामांकन से कहीं वंचित न हो जाएं इसके लिए वह सुबह से ही लाइन लगा लिए थे। यही कारण था कि लाइन में लगे प्रत्याशियों का नामांकन देर शाम तक भी होता रहा।