राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा जिले में रविवार को चार केंद्रों पर हुई। परीक्षा में पंजीकृत 1422 के सापेक्ष 1340 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा में सफल बच्चों को कक्षा 9 से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपए के हिसाब से 48 हजार रुपए छात्रवृत्ति दी जाएगी। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए जिले से 147 सीट के सापेक्ष इस बार 1422 छात्र छात्राओ ने आवेदन किया । कक्षा आठ में अध्ययनरत बच्चों से आवेदन मांगे गए थे। रविवार को परीक्षा चार परीक्षा केंद्रों पर हुई। इस परीक्षा पर अधिकारियों की नजर रही। परीक्षा की तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। परीक्षा केंद्र पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज अईलख पर पंजीकृत 300 के सापेक्ष 281, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मऊ में 322 के सापेक्ष 307, दधिबल इंटर कॉलेज रैनी में 400 के सापेक्ष 374, बापू इंटर कॉलेज कोपागंज में 400 के सापेक्ष 378 बच्चे परीक्षा में उपस्थित हुए। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम एक बजे समाप्त हुई।राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृति परीक्षा के नोडल शिक्षक राज बहादुर सिंह ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्ग के विद्यार्थियों को पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से राष्ट्रीय आय व योग्यता छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण होने पर मेधावी को राजकीय या एडेड इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट तक की शिक्षा ग्रहण करने पर 48 माह तक प्रति माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति राशि उनके खाते में अंतरित की जाएगी।