मऊ (मऊ)। परदहा स्थित राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में सोमवार को खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा जनपद स्तरीय युवा संसद समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 54 प्रतिभागियों में से पांच प्रतिभागियों को समारोह में चुना गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव सईदउर्रहमान अंसारी ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में ही है। किसी भी देश के विकास में युवाओं की भूमिका अहम होती है। वहीं, नोडल अधिकारी डॉ. जोहरा जमाल ने कहा कि युवा संसद समारोह के पीछे सरकार की मंशा है कि देश के युवा लोकतंत्रीय व्यवस्था को जाने, समझे और इसमें सहभागिता कर देश को और मजबूत करें। युवा संसद में स्वच्छ भारत अभियान, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, आर्थिक अपराध आदि विषयों पर भाग लिए 54 प्रतिभागियों द्वारा अपने अपने विचार व्यक्त किया। युवा संसद में भाग लिए प्रतिभागियों में निर्णायक मंडल द्वारा पांच प्रतिभागी अंकित कुमार सिंह को प्रथम, द्वितीय स्थान पर श्रुति चौबे, अंजनी कुमार राय तृतीय, भानूप्रताप सिंह चतुर्थ तथा पांचवें स्थान पर शिखा त्रिपाठी को चुना गया। निर्णायक मंडल में डॉ. तैयब हसन, हरिद्वार राय, सुभाष गुप्त, विनय जायसवाल, शशिकांत तिवारी शामिल रहे। इस मौके पर राजेश श्रीवास्तव, कॉलेज प्राचार्य डॉ. हुमा परवेज आदि मौजूद रहीं।