रतनपुरा। कस्बे के विद्युत उपकेंद्र रतनपुरा पर एक वर्ष से रखे गये पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को चालू कराने के लिए शनिवार को किसानों ने भूख हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया। किसान नेता राकेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे। शाम तीन बजे धरना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार सदर मिथिलेश कुमार त्रिपाठी को तीन सूत्रीय मांग पत्र दिया।
पत्रक में कहा गया है कि 33/11 विद्युत उपकेंद्र रतनपुरा पर क्षमता वृद्धि के लिए पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर को तत्काल चालू कराकर चारों फीडर पर विद्युत देने, ओवर लोडिंग की समस्या और ट्रिपिगं की समस्या को दूर करने तथा केंद्र से जोड़ने की मांग शामिल है। उपकेंद्र पर बृज किशोर गिरि की अध्यक्षता में हुए धरना सभा में किसानों ने कहा कि इस साल भीषण सूखा पड़ा है, नहर में तीन माह से पानी नहीं आया है। ओवर लोडिंग व ट्रिपिगं के कारण इस उपकेन्द्र से लगातार पांच घंटा भी बिजली नहीं मिल रही है। धरनास्थल पर किसान जय जवान-जय किसान,बिजली कटौती बंद करो, ट्रांसफार्मर चालू करो आदि नारे लगाए गए। धरना में परशुराम सिंह,अक्षय लाल बागी, विपिन वर्मा, संजय मौर्य, राममिलन राजभर, आलोक सिंह, सुरेश श्रीवास्तव, विश्वनाथ शर्मा, सुरेश राजभर, पारस यादव, विजय प्रजापति, चन्द्रबली राजभर, राम अशीष यादव, विजय तिवारी आदि मौजूद थे। संचालन पूर्व सैनिक परमात्मा सिंह ने किया।