मऊ। जिला पंचायत द्वारा हाल ही में दिए गए टेंडरों में शासन की गाइड लाइन का पालन नहीं किया गया। पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर भी टेंडर दे दिया गया। बिना सदन की बैठक और निर्माण समिति की बैठक के ही 158 कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया और टेंडर प्रकाशित कर चुनिंदा चहेते ठेकेदारों को ठेके दिए गए हैं। इस प्रकरण में मंडलायुक्त , जिलाधिकारी और सीडीओ से की गई शिकायतों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश है।
जिला पंचायत द्वारा स्वीकृत किए गए टेंडरों पर सवाल उठाते हुए सदस्य इंद्र कैलाश यादव और धर्मप्रकाश यादव सहित कई जिला पंचायत सदस्यों ने शिकायतें की हैं। इन शिकायतों के अनुसार जिला पंचायत द्वारा सामान्य और विशेष मरम्मत तथा नये कार्यों के लिए तीन किश्तों में टेंडर प्रकाशित किए गए हैं। इनमें से अधिकांश पीडब्ल्यूडी की सड़कें हैं और इन पर कुछ ही महीनों पहले कार्य कराए गए थे। मानक के अनुसार इन कार्यों के लिए सभी जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव मांगे जाने चाहिए थे। इसके पूर्व पीडब्ल्यूडी, आरईएस, मंडी समिति, सिंचाई विभागों से संबंधित सड़कों पर यदि कोई प्रस्ताव आया है तो अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगे जाने चाहिए थे। विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल जाने के बाद आवश्यकताओं के अनुरुप प्रस्ताव स्वीकृत करके टेंडर प्रकाशन के लिए दिए जाने चाहिए थे। शिकायत कर्ताओं का आरोप है कि न तो जिला पंचायत की अथवा निर्माण समिति की ही बैठक बुलाई गई जिससे विकास कार्यों के लिए कोई चर्चा हो सके। आरोप है है कि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि की शह पर चुनिंदा ठेकेदारों को टेंडर स्वीकृत किए गए। जिला पंचायत सदस्य धर्मप्रकाश यादव ने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और सीडीओ केे टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया था। उधर रसूलपुर से जिला पंचायत सदस्य इंद्र कैलाश यादव और दरगाह की जिलापंचायत सदस्य अपने अपने क्षेत्रों में दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे रहे। लेकिन जिम्मेदार अफसरों की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस बाबत सीडीओ आशुतोष द्विवेदी का कहना है कि शिकायतों के मद्देनजर अपर मुख्य अधिकारी को जांचकर विधि सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक जायसवाल ने आरोपों को नकारते हुए कहते हैं कि सारे कार्य गाइड लाइन के अनुरूप नियमानुसार कराए गए हैं। जांच कराई जा सकती है।
दूसरे दिन भी बैठे रहे आमरण अनशन पर: सूरजपुर।जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा टेंडर में अनियमितता ,फर्जी भुगतान, भ्रष्टाचार एवं दरगाह, रसूलपुर वार्ड की विकास कार्यों में अनदेखी के विरुद्ध सदस्य जिला पंचायत इन्द्रकैलाश यादव अपने साथियों के साथ दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे रहे। उनके समर्थन में ब्लाक प्रमुख राजू राय,वरिष्ठ सपा नेता राजेन्द्र मिश्रा, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव रमेश दुबे,सुरेंद्र पांडेय, बृजेश राय, बिहारी यादव, गुड़िया खातून, महेंद्र यादव, ओमप्रकाश लीडर, अमरजीत यादव, दयानन्द प्रजापति, कृष्णा यादव, रामनगीना यादव, हरिकेश यादव, विनोद यादव, दुर्गेश, यादव, पब्बर यादव, सुबाष यादव एवं सैकड़ों की संख्या में समर्थक आमरण स्थल पर उपस्थित रहे।