इंदारा। कोपागंज ब्लाक के गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए जलनिगम विभाग द्वारा कसारा चौक पर बनाया गया ओवरहेड टैंक की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के चलते एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे 20 गांवों के हजारों ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पानी नहीं मिल पा रहा। शिकायत के बाद भी अभी तक विभागीय अधिकारियों ने समस्या का निस्तारण नहीं किया है। कसारा गांव के चौक पर बने ओवरहेड टैंक से ब्लाक के कसारा, लैरो, रईसा, इंदारा, करिमाबाद, मुहम्मदपुर सहित दर्जनों गांवों को जलापूर्ति की जाती है। लेकिन 14 जून को मिट्टी खोदने के दौरान किसी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गया। जहां सात दिन बीतने के बाद भी विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पाइन लाइन को सुधारवाने का प्रयास नहीं किया गया है। इससे गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी में दूरदराज जगहों पर लगे हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है। क्षेत्र के रामप्रताप यादव, जमील अख्तर, जितेंद्र यादव, अरविंद सिंह, श्रीकांत सिंह, रजनीश, पंकज, चंदन, टुनटुन ने बताया कि पेयजल आपूर्ति बंद होने से उन्हें मजबूरन प्रदूषित पानी पीना पड़ रहा है। जबकि वह नियमित हर माह बिल का भुगतान करते है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक तौर पर बताया गया लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी है।