भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने कर्नाटक में चुनाव के बाद सरकार बनाने की घटना क्रम को देखते हुए राज्यपाल को नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देने की बात कही। भाकपा राष्ट्रीय सचिव अंजान ने यह बात सोमवार को जारी बयान में कही।
कहा कि पिछले तीन दिनों से कर्नाटक के अंदर भाजपा ने जिस तरह की अलोकतांत्रिक और साजिशपूर्ण चालें चली हैं। उससे भाजपा का पूरा मुखौटा जनता के सामने आ गया है। सुप्रीम कोर्ट की लगातार आलोचना और अब बहुमत साबित करने से पूर्व ही हार के बाद यह सामने आ गया है कि सरकार बनाने के लिए बड़े पैमाने पर भाजपा विधायकों की खरीद-फरोख्त में जुटी रही। भाजपा उम्मीदवार येदुरप्पा ने भाजपा को सत्तारुढ़ बनाए रखने के लिए गवर्नर के पद का दुरूपयोग कराकर एंग्लो इंडियन समुदाय के एक एमएलए तथा कार्यवाहक स्पीकर बनवा लिया। इसके बावजूद भी विधानसभा में बहुमत न पाता देख इस्तीफा देना पड़ा। अंजान ने 2019 लोकसभा चुनाव से पूर्व देश की सभी धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टियों से लामबंद होकर भाजपा सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों के खिलाफ आगे आने की अपील की है।