मधुबन। तहसील कार्यालय के भूलेख कक्ष में मंगलवार को अधिवक्ता भूपेंद्र पांडेय के साथ लेखपाल दिनेश शाह द्वारा की गई अभद्रता को लेकर तहसील संघ की विशेष बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने संबंधित लेखपाल का दूसरी तहसील में स्थानांतरण करने और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को लेकर जिलाधिकारी सहित बार एसोसिएशन को पत्र भेजा। साथ ही मांग पूरी न होने पर न्यायिक कार्य से विरत रहने के साथ धरने की चेतावनी दी। अधिवक्ताओं ने बैठक में लेखपाल को दूसरे तहसील क्षेत्र में तबादला करने तथा उसके खिलाफ कार्यवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना था कि दिनेश शाह तहसील क्षेत्र के ही दुबारी गांव का निवासी है और उसकी पोस्टिंग मधुबन तहसील में है। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु को पत्र लिखकर अविलंब लेखपाल का स्थानांतरण करने और केस दर्ज करने की मांग की। मांग को शीघ्र पूरा न करने पर अधिवक्ताओं ने कार्य से बहिष्कार करने के साथ धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। बैठक में तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी, सत्यराम यादव, संजय यादव, विमल श्रीवास्तव,भूपेंद्र पांडेय, सूर्यभान राजभर, रमेशचंद मिश्र सहित दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे। बता दे मंगलवार को तहसील के अधिवक्ता भूपेंद्र पांडेय तहसील में दिनेश शाह नामक लेखपाल से एक फरियादी की रिपोर्ट लिखवाने के लिये गए थे। जिस पर रिपोर्ट लिखवाने के नाम पर लेखपाल ने अधिवक्ताओं पर पैसा लेने का आरोप लगा दिया, इस पर आपत्ति करने पर अधिवक्ता से लेखपाल ने अभद्रता कर मारपीट करने की कोशिश की। लेखपाल के इस रुख को देखकर अधिवक्ता ने कक्ष से बाहर निकलकर अपने साथियों को इससे अवगत कराया था, जबकि लेखपाल ने अपने साथियों को विवाद से अवगत करा दिया। इसके बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं और लेखपालों ने मंगलवार को तहसील के हाल में जमकर बवाल काटा था। जहां दोनों पक्षों ने देर रात तक एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी। हालांकि पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया।