वलीदपुर। नगर पंचायत में हो रहे विकास कार्यो की गुणवत्ता को लेकर सभासदों की नाराजगी के बाद चेते नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने बुधवार को वार्डों में हो रहे विकास कार्यो का जायजा लिया। ईओ को जायजा लेने के दौरान निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री के बजाए घटिया सामग्री का प्रयोग होते हुए मिला। इस पर ईओ ने कार्रवाई करते हुए तीन ठेकेदारों को नोटिस जारी किया। नगर पंचायत के वार्डों में वर्तमान में लाखों रुपए की लागत से नाली, इंटरलॉकिंग सड़क और नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। जारी विकास कार्यो में संबंधित ठेकेदारों की तरफ गुणवत्ता के अनुरूप कार्य निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते वार्ड सभासद और लोगों द्ववारा आए दिन किए जा रहे कार्यो का विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया जा रहा है। बुधवार को लोगों की शिकायतों की जांच करने निकले पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार और जेई के साथ पुत्तूपूर मोहल्ला, वलीदपुर मठिया, भीरा रामलीला मैदान पहुंचकर कार्य स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग न होना पाया। जिस पर ईओ ने संबंधित ठेकेदार विपिन बरनवाल, गायत्री देवी और अनुसूइया को नोटिस जारी करते हुए मानक अनुसार कार्य कराने का निर्देश दिया। साथ ही दुबारा निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने पर भुगतान रोकने की बात कही।