अमिला। गांव के बिजली बिल की समस्या का समाधान करने के लिए बिजली विभाग द्वारा कैंप का आयोजन न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को अमिला बोझी मार्ग पर भाकपा नेता विवेक राय के नेतृत्व में चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम के चलते एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। उधर चक्काजाम की सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी राम सकल यादव द्ववारा इस संबंध में अधिकारियों से बातकर कैंप लगाए जाने के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
अमिला क्षेत्र के पांडेयपार स्थित विद्युत उपकेंद्र से अमिला, अकटहा नवकपुरा सहित दो दर्जन से ज्यादा गांवों में बिजली सप्लाई की जाती है। काफी समय से इन गांवों में न तो पर्याप्त बिजली मिल रही है, न ही समय से बिल मुहैया कराया जा रहा है। वहीं कुछ गांवों में बिजली पोल न होने से कई घरों में बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है। व्याप्त समस्याओं को दूर करने के लिए ग्रामीणों द्ववारा कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर गांव में समाधान कैंप लगाए जाने की मांग कर चुके है। शुक्रवार को आधा सैकड़ा ग्रामीणों के साथ भाकपा नेता विवेक राय ने कैंप लगाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार की दोपहर तीन बजे अमिला बोझी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर पहुंचे अमिला पुलिस चौकी प्रभारी राम सकल यादव ने ग्रामीणों की मांग को उच्च अधिकारियों तक अवगत कराने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान मार्ग के दोनों एक घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। चक्काजाम लगाने वालों में जगदेव,संदीप चौरसिया,प्रभात शर्मा,सभवती,सुधरी,रीता,बासमती,इसरावती,संगीता,राजमती,रामदुलारी,तेतरी,निशा,लालती,सुखिया,वनदेवी,पुष्पा सहित दूसरे ग्रामीण मौजूद रहे।