मऊ। नए साल के आगमन के मौके पर युवाओं की ओर से होने वाला जश्न इस साल भी यादगार होगा। रविवार होने के कारण युवा नए साल को जश्न को ज्यादा तड़क और भड़क के साथ मनाने की तैयारी करने में जोर शोर से जुटे हैं। युवाओं ने उल्लासपूर्ण माहौल में ही नए साल का स्वागत करने का मन बनाया है। नए साल के आगमन कसी पूर्व संध्या तथा नए साल पर पार्टियों तथा अन्य कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गए हैं। नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए रंगारंग कार्यक्रम और आतिशबाजी करने की योजना को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। जश्न और कार्यक्रम स्थलों को फूलों तथा बुके से सजाया जाएगा।
नववर्ष पर नगर के चंद्रभानपुर स्थित कल्पवाटिका, दोहरीघाट का मुक्तिधाम, वनदेवी पार्क, शीतला माता धाम सहित पिकनिक स्पाट पर भारी गहमागहमी रहेगी। नववर्ष को यादगार बनाने के लिए युवाओं की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है। युवाओं ने वर्ष का अंतिम दिन और नया साल उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने का मन बनाया है। साथ ही उन्होंने वर्ष के पहले दिन अपने लोगों को आकर्षक उपहार भेंट करने का निर्णय लिया है। युवाओं की तैयारी को देखते हुए रेस्टोरेंट मालिकों ने भी मौके का फायदा उठाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। रेस्टोरेंट मालिकों की मानें तो जिले के शहरी इलाकों में स्थित रेस्टोरेंट में नए साल की पार्टियों और कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूरी सुविधा मुहैया कराने की तैयारी चरम पर है। केक समेत अन्य खाने पीने की वस्तुओं की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। इसीलिए सजावट आदि का कार्य शुरू हो गया है। इस संबंध में पिपरीडीह क्षेत्र के रविंद्र सिंह, महेंद्र यादव, सहादतपुरा के सिंटू वर्मा का कहना था कि साल के आखिरी दिन पार्टी कर नए साल का स्वागत करेंगे। नया साल का पहला दिन पार्कों में घूमकर लुत्फ उठाएंगे। वहीं निजामुद्दीनपुरा मुहल्ला के अमित कुमार पांडेय का कहना था कि नए साल के दिन मंदिरों में मत्था टेककर ही जश्न मनाएंगे।