मऊ। परदहां ब्लाक क्षेत्र के ताजोपुर में स्थित सैनिक आईटीआई स्कूल में शनिवार को टाटा मोटर्स की तरफ से आयोजित कैंपस सेलेक्शन में 305 छात्रों का चयन टाटा मोटर्स के पंत नगर में स्थित फैक्ट्री में कार्य करने के लिए हुआ। कैंपस सेलेक्शन में सैनिक आईटीआई के छात्रों के अलावा जनपद के विभिन्न स्कूलों के 665 छात्रों ने भाग लिया था। टाटा मोटर्स पंतनगर से आए हुए अनुराग सिंह बिष्ट एवं विशाल ने छात्रों का इंटरव्यू लेने के बाद कुल 305 छात्रों का चयन किया। बता दें कि चयनित छात्र एक वर्ष की ट्रेनिंग के दौरान 1 लाख 20 हजार वार्षिक पैकेज पर जाएंगे। छात्रों को कंपनी के तरफ से आवास एवं भोजन की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक बिग्रेडियर डा. पीएन सिंह, शिक्षक महेश प्रसाद, तनंजय यादव, राहुल यादव, एमपी शुक्ला, पप्पू आदि मौजूद रहे।