मऊ। नगर क्षेत्र के बाल निकेतन तिराहा के समीप स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर शनिवार को मासिक बैठक हुई। बैठक में बीते निकाय चुनाव पर चर्चा करते हुए हार जीत की समीक्षा की गई। चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने का फैसला करते हुए प्रत्याशियों से गोपनीय तौर पर लिखित रुप से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश में 1 अप्रैल के बाद से हुई आपराधिक घटनाओं की लिस्ट प्रदेश कार्यालय को अविलंब भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधत करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्म प्रकाश यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार चलाने वाले झूठ एवं षणयंत्र के सहारे चुनाव प्रभावित करने में माहिर हैं। इनका उद्देश्य जनता का विकास के बजाय विनाश कर अपने आप को मजबूत करना है। भाजपा जनता को बेवकूफ बनाने में कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ती। भाजपा तथा मोदी की इस चतुराई को जनता धीरे धीरे समझ रही है। सत्ता के लिए देश को दाव पर लगाने वाली भाजपा मंदिर मस्जिद के नाम पर देश का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ कर देश की एकता और अखंडता भंग करने पर तुली हुई है। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शिव प्रताप यादव मुन्ना, विरेंद्र यादव, रामधनी चौहान, रमेश दूबे, ममता चंद्रा, रमेश चंद्रा, इंद्र कैलाश यादव, रामशब्द यादव, लालचंद यादव, राम प्रकाश यादव, जितेंद्रनाथ दूबे, पूव्र चेयरमैन अरशद जमाल, बबलू यादव, सुशील कुमार पांडेय आदि रहे।