घोसी। घोसी कोतवाली के बनियापार निवासी 45 वर्षीय किसान नरेंद्र पाठक पुत्र स्व. अत्री पाठक की सोमवार की शाम को मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। घर जाते समय कल्याणपुर भरबस्ती के पास वह मोटरसाइकिल से टक्कर होने के चलते गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज हेतु वाराणसी ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय मृतक की पत्नी सुनीता इकलौती पुत्री के पास नोएडा में थी।
बनियापार निवासी नरेंद्र पाठक पुत्र अत्री पाठक सोमवार को बगल के गांव लिलारिभारौली निवासी दीना शर्मा के साथ अपनी मोटरसाइकिल से कोपागंज की तरफ से घर आ रहे थे। जब वे बनियापार मोड़ से कुछ दूर पहले कल्याणपुर भर बस्ती के पास 4 बजे के लगभग पहुंचे तभी पीड़वल मोड़ की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दिया। इससे दोनों घायल होकर मोटरसाइकिल से गिर पड़े। नरेंद्र पाठक को ज्यादा चोट लगने के कारण लोगों ने घोसी से जिला अस्पताल ले आए जहां से वाराणसी के लिये रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी सुनीता देवी अपनी इकलौती विवाहिता पुत्री प्रीति के पास नोएडा में थी। कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई शिव कुमार की तहरीर पर वाहन चालक राजा कुमार निवासी बड़ागांव,मऊ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।