रानीपुर। सरायलंखसी थाना क्षेत्र के रानीपुर-मिर्जाहादीपुर मार्ग स्थित तेंदुली चट्टी के पास शनिवार की भोर रिफाइन लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दो दुकानों में जा घुसी। हालांकि भोर होने के चलते दुकान बंद होने से बड़ा हादसा होने से टल गया।
हुआ यूं कि शनिवार की भोर करीब चार बजे वाराणसी से रिफाइन से लोड एक पिकअप मऊ की तरफ जा रही थी। अभी वह तेंदुली चट्टी के पास पहुंची थी कि पिकअप चालक को झपकी आ गई। जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित सब्जी विक्रेता रामानंद प्रजापति और राम अवध यादव मिठाई की दुकान में जा घुुसा। अचानक हुए हादसे में मिठाई की दुकान के पास सो रही एक महिला हादसे में बाल बाल बची। पिकअप की टक्कर से मिठाई की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। भोर के समय हुए शोर शराबे को सुनकर आस पास के लोग जगे और मौके पर पहुंचे। इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त करने के साथ चालक को अपने साथ पुुलिस थाने ले आई। इस हादसे में सब्जी की गुमटी तथा मिठाई की दुकान के क्षतिग्रस्त होने से हजारों रूपये की क्षति हुई।