कस्बे में हफ्ताभर से बाधित है विद्युत आपूर्ति
आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग के समीप लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी से एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे लोगों को जहां अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। वहीं शुद्ध पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी लापरवाह बने हैं।
चिरैयाकोट बाजार स्थित थाने के सामने लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खामी से लगातार एक हफ्ते से बिजली गुल रहने से कस्बेवासियों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। बिजली गुल रहने से लोगों को शुद्ध पानी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में बब्लू गुप्ता, रमेश मौर्य सुरेश गुप्ता का कहना है कि ट्रांसफार्मर में आए दिन तकनीकी खामी आने से बिजली गुल हो जा रही है। इसके चलते दुकानदारी चौपट हो रही है। सप्ताह भर से विद्युत आपूर्ति ठप होने से नींद पूरी नहीं हो पा रही है। खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए आला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया बावजूद वह आज कल कहकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं। विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल नहीं की गई तो आंदोलन करना ही एक मात्र विकल्प होगा।
सुरेश गुप्ता, राजेश कुमार का कहना है कि लगातार एक हफ्ते से बिजली गुल रहने से बच्चे परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। शुद्ध पानी न मिलने से प्रदूषित पानी का सेवन करना पड़ रहा है।
इस बाबत एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि तकनीकी खराबी से बिगड़े पड़े ट्रांसफार्मर का मामला संज्ञान में नहीं है। शीघ्र ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।