कोपागंज। ब्लाक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मंगलवार को स्पर्श कुष्ठ जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने कुष्ठ को जड़ से मिटाकर कुष्ठ मुक्त देश बनाने का संदेश दिया।
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे कोपागंज सीएचसी से जागरूकता रैली को चिकित्साधिकारी डॉ. आरके झा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कोपागंज बाजार, भरत मिलाप, कोपाकोहना, भातकोल होते हुए वापस सीएचसी पहुंचकर समाप्त हुई। जागरूकता रैली में शामिल स्वास्थ्य कर्मियरें ने %जन-जन तक दे दो संदेश, कुष्ठ मुक्त हो देश प्रदेश% कुष्ठ रोग को दूर भगाए सहति कई स्लोगन से लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया। रैली के समापन पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुनिता सिंह ने लोगों को कुष्ठ रोगों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चमड़ी पर हल्के रंग का समतल सफेद दाग, चमड़ी के दाग में वह भाग जिसमे सूनापन हो, हाथ-पैर के नसों में सूनापन, नसों मे मोटापन, हाथ पैर में अपने आप छाले पड़ना यह लक्षण कुष्ठ रोग के हैं। कहा कि इस तरह के लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति तुरंत चिकित्सक से सलाह ले। कहा कि कुष्ठ रोग छूने से नहीं फैलता है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। इस मौके पर डॉ. आरके झा, डॉ. कृष्णा यादव, धनंजय दुबे, हरिश्चंद्र चौबे, शिवकुमार सिंह, प्रमोद कुमार गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।