बढुआ गोदाम। आजमगढ़ के संयुक्त विकास आयुक्त हरिश्चन्द्र वर्मा ने शनिवार को परदहां ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने खालिसपुर गांव का भी निरीक्षण किया। गांव में शौचालयों की निर्माण की प्रगति काफी खराब देखकर ज्वाइंट कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त की। दोपहर के डेढ़ बजे के करीब परदहां ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे आयुक्त ने सर्वप्रथम कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति को देखा। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, और शौचालय की प्रगति की रिपोर्ट की समीक्षा की। आयुक्त ने खंड विकास अधिकारियों के कार्यकाल का बोर्ड देखा। वह पूरा भर गया था। उन्होंने बीडीओ छोटेलाल तिवारी को निर्देश दिया कि अगर बोर्ड भर जाता है तो दूसरा बोर्ड बनाकर उसमें खंड विकास अधिकारियों के नाम एवं कार्यकाल अवश्य लिखें। इससे सभी खंड विकास अधिकारियों के कार्यकाल का पता चलता है कि कौन कब तक कार्यरत रहा। उन्होंने उपस्थित कर्मचारी से प्रपत्र के बारें में पूछा जिसका संतोषजनक जवाब न देने पर नाराजगी जताया। खालिसपुर गांव में निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों के निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताया और इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।