रतनपुरा।परिषदीय विद्यालयों के परिसर में निष्प्रयोज्य जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण कराने के आदेश जारी होने के महीनों बाद भी अमल नहीं किया जा सका है। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के मखना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का बारजा गत शुक्रवार को अपराह्न बाद गिर गया था। घटना के दो दिन बाद भी अभी तक ध्वस्तीकरण नहीं कराया जा सका है।
रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र में 123 प्राथमिक तथ 51 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की तरफ से परिषदीय विद्यालयों के परिसर में निष्प्रयोज्य जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण कराने का दो माह पूर्व ही फरमान जारी किया गया। विद्यालय के प्रबंध समिति से प्रस्ताव बनाकर जर्जर भवनों को ध्वस्तीकरण कराकर आख्या भेजी जानी थी। लेकिन आदेश पर अमल करने की जहमत तक नहीं उठाई जा सकी है।
गत शुक्रवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश के बीच अपराह्न बाद क्षेत्र के मखना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का बारजा छह गया। बारजा ढहने की सूचना मिलते ही गांव की प्रधान गायत्री सिंह ने विद्यालय प्रधानाध्यापक तथा खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। घटना के दो दिन बाद भी अभी तक जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण कराना तो दूर प्रक्रिया तक शुरू नहीं की जा सकी है। घटना के बाद अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर दहशत में जी रहे हैं। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि शीघ्र ही जर्जर भवन का ध्वस्तीकरण करा दिया जाएगा।