इंदारा। अदरी नगर पंचायत का वार्ड नम्बर 8 कोइरीटोला के लोग जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। इस मुहल्ले में न तो सडक है और न ही पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था ही। कई तरह की समस्याओं का अंबार है। नगर पंचायत का यह मुहल्ला विकास से कोसों दूर है। यहां न तो जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था है।
मुहल्ले की आबादी लगभग दो हजार है। जबकि एक हजार से अधिक मतदाता है। यहां आवागमन को लेकर नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गयी है। बारिश के दिनों में सड़क पर जगह जगह जमा गंदा पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सर्वाधिक परेशानी बुजुर्गो, महिलाओं और स्कूली बच्चों को हो रही है। जनप्रतिनिधि इस समस्या से बेखबर है। इसी मार्ग पर एक जूनियर विद्यालय स्थित है। जहां पर छोटे-छोटे बच्चों का आना जाना लगा रहता है। इससे पैदल चलना मुश्किल हो गया है। जगह जगह बने गढ्ढे व उसमें जमा बरसात का गंदा पानी मुहल्ले की पहचान बन गयी है।
मुहल्ले के अलाउद्दीन खान कहते हैं कि यहां की मूलभूत समस्याओं से जिम्मेदार लोग ही आंखें मूंदे हैं। वृजभान मौर्य कहते हैं कि शिकायतों के बाद भी जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं। शाहिद जमाल का कहना है कि आये दिन स्कूली बच्चे व बुजुर्ग कीचड़ में गिरकर घायल हो जाते हैं। मोहम्मद न्याज का कहना है कि मुहल्ले में भूमिगत पाइप नहीं बिछाई गई है। लोग प्लास्टिक की पाइप लगाकर अपने घरों में पानी ले जाते हैं। मुहल्ले में न तो खम्भों पर लाईट लगी है औ न ही नालियों पर पटिया बिछाया गया है। सभासद विभा गुप्ता कहती हैं कि इस समस्या के बाबत कई बार चेयरमैन से कहा गया है लेकिन अभी कोई भी काम.नहीं किया जा सका है।
सबमर्सिबल पंप का पानी के बहाने के लिए नाली निर्माण का टेंडर हो गया है ,जल्द ही नाली का निर्माण करा दिया जाएगा। वजीहा खातून ,चैयरमैन , नगर पंचायत अदरी।