शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
चारों सोमवार को नेशनल हाइवे पर नहीं चलेंगे भारी वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ। सावन में कांवरियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन किया है। यह डायवर्जन प्रत्येक सोमवार को प्रभावी रहेगा। अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जुलाई से सावन माह शुरु हो गया है। 30 जुलाई के अलावा 06 ,13 और 20 अगस्त को सोमवार होगा। इन चारों सोमवार को शहर क्षेत्र में भारी वाहनों को प्रवेश वर्जित रहेगा।
बताया कि आजमगढ़ से आकर बलिया, गाजीपुर गोरखपुर की तरफ जाने वाले वाहनो को मतलूपुर मोड़ से सहरोज मोड़ होते हुए डांड़ी स्थित नेशनल हाइवे पर आना होगा। वहां से कोपागंज, घोसी गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहन आगे जा सकेंगे। जबकि बलिया की ओर जाने वाले वाहन नेशनल हाइवे के बलियार मोड़ से आ जा सकेंगे। गाजीपुर की ओर जाने वाले वाहन डांड़ी, बलिया मोड़, भीटी चौराहा से बहादुरगंज, कासिमबाद होते हुए गाजीपुर जाएंगे। बलिया से आजमगढ़ अथवा आगे की ओर जाने वाले वाहन बलिया मोड़ से दाहिने मुड़कर डांडी सहरोज होते मतलूपुर मोड़से स्टेट हाइवे पकड़ सकते हैं।
इसी प्रकार गाजीपुर से गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहन बाईपास होते हुए भीटी चौराहा, बलिया मोड़ से कोपागंज, घोसी, दोहरीघाट होते गोरखपुर जाएंगे। वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को दोहरीघाट से आजमगढ़ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। घोसी के आगे से वाराणसी जाने वाले भारी वाहन नदवासराय अजमतगढ़ होते हुए आजमगढ़ की तरफ डायवर्ट होंगे। कोपागंज की तरफ से आकर वाराणसी की तरफ जाने वाले वाहन डांड़ी से मुड़कर सहरोज, मतलूपुर होते हुए आजमगढ़ होकर जाएंगे। बढ़ुआगोदाम से गाजीपुर रोड पर प्रत्येक रविवार को दोपहर 12 बजे सोमवार की रात 12 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों प्रतिबंधित रहेगा, ऐसे वाहनो को बनदेवी रोड से चिरैयाकोट होते हुए आजमगढ़ भेजा जायेगा। एएसपी ने बताया कि हर क्षेत्र में भारी वाहनो के लिए नो एंट्री का समय प्रात: नौ बजे से रात नौ बजे तक लागू रहेगा।