रतनपुरा। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से बाजार स्थित नेहरू इंटर कालेज के सभागार में गुरुवार को शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों के अंदर सभी प्रतिभा तथा संभावनाएं निहित हैं। जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक बनकर एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। आवश्यकता सिर्फ उसे निखारने की है। शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को पूरा कर रहे हैं। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को बीएसए ने सम्मानित किया।
जिला समन्वयक गजेंद्र सिंह ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय के द्वारा ही बच्चों में अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है उन्हें अवसर देकर उनके झिझक, भय व अस्पष्ट अभिव्यक्ति को दूर किया जा सकता है। इस दौरान प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्राथमिक विद्यालय कइयां के प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य नवाचारी शिक्षकों तथा सर्वाधिक नामांकन लक्ष्य को प्राप्त करने वाले अध्यापकों को भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। प्राथमिक विद्यालय कइयां के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अंत में आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी आरपी राम ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि ज्ञान, समझ व कौशल के आधार पर बच्चों को विद्यालयी परिवेश को सामाजिक परिवेश से जोड़कर एक बेहतर नागरिक निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर अंजनी कुमार सिंह, सहेंद्र सिंह, सुनील कुमार सिंह, नित्य प्रकाश यादव, राजकुमार वर्मा, अर्चना यादव, अंजली वर्मा, सरोज भारती, सोनिया बेन चौहान, बिंदुमती, लालसा सिंह, जगमोहन सिंह, पुष्पा मिश्रा, कंचन सिंह, सुशील कुमार, अलिमुद्दीन अंसारी आदि उपस्थित रहे।