चिरैयाकोट। मुहम्मदाबाद गोहना के उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र नाथ मिश्र और क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार शनिवार को भेड़ियाधर गांव में सीआरपीएफ के शहीद जवान धर्मेंद्र यादव के घर पहुंचे। दोनों अफसर शहीद के परिजनों से मिले। तहसील मुहम्मदाबाद गोहना के दोनों उच्च अधिकारियों के पहुंचने पर पत्नी सहित सभी परिवार के सदस्य विह्वल होकर रोने बिलखने लगे।
दोनों अधिकारियों ने शहीद धर्मेंद्र यादव के शोकाकुल पिता खेदन यादव, बड़े भाई महेंद्र यादव, जितेन्द्र यादव, पत्नी उमा देवी, मां प्रभावती देवी और बच्चों को सांत्वना दी। शहीद की पत्नी और बड़ी बहन गेंदा देवी, छोटी बहन रीता का रो रो कर बुरा हाल था। परिजनों का करुण क्रन्दन देख दोनों अधिकारियों ने उन्हें सान्त्वना दी। शहीद के विधवा ने एसडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र दिया। पत्रक में मांग की गई है कि शहीद की विधवा के नाम एक गैस एजेंसी या पेट्रोल पम्प दिया जाये। दोनों बेटियों को उत्तर प्रदेश सरकार की आरे से उनके योग्य होने नौकरी दी जाए।बेटे को केंद्र सरकार में नौकरी दी जाये । शहीद धर्मेन्द्र के नाम पर बड़हलगंज नहर पुलिया से भेड़ियाधर गाँव तक तीन किलोमीटर शहीद मार्ग घोषित किया जाये । शहीद के नाम पर स्मारक बनवाया जाये । शहीद की एक प्रतिमा चिरैयाकोट बाजार के मुख्य चौक पर लगवाई जाये । चिरैयाकोट से शहीद के गाँव तक खराब हो चुके मार्ग की मरम्मत कराकर उसका नामकरण शहीद धर्मेन्द्र यादव के नाम पर किया जाए। शहीद के आश्रितों के शिक्षा और चिकित्सा की उत्तम व्यवस्था सरकार करें। साथ ही शहीद के विधवा पत्नी के नाम से भूमि का आवंटन किया जाये एवं आवास की समुचित व्यवस्था किया जाए।