पिपरीडीह। सरायलखंसी थाने के पिपरीडीह बाजार में शनिवार की सुबह जर्जर बिजली का हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। यह संयोग ही था, कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस घटना से नाराज बाजारवासियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। बाजार के लोगों का आक्रोश था, कि पहले से दुर्घटना की अंदेशा जताते हुए विभाग को इस बाबत सूचना दी गई थी। लेकिन उदासीन रवैये के चलते आजतक तार नहीं बदला जा सका।
बताते चले पिपरीडीह बाजार से होकर गुजरे बिजली के तार काफी जर्जर हो चुकें हैं, इस संबंध में बाजार के लोगों ने विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत दर्ज कराई। साथ ही तार को बदलने की मांग किया। लेकिन विभाग की तरफ से कोई कवायद नहीं की गई। इसबीच शनिवार की सुबह सरसेना की तरफ से आ रहे ट्रक में फंसकर लटका जर्जर तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां मौजूद लोग बालबाल बचे। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र कोटवां वनदेवी फीडर पर दिया, सरकारी मोबाइल नंबर पर दर्जनों बार लोगों ने फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद नाराज बाजारवासियों ने पिपरीडीह चौराहे पर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, लेकिन मामले को संज्ञान में नहीं लिया जा सका है।प्रदर्शन करने वालो में रमेश मद्धेशिया, छोटे बरनवाल, हीरा प्रजापति, नीबू प्रसाद, पूर्व प्रधान राजेंद्र कन्नौजिया,कुबेर मौर्य, मनमोहन गुप्ता,सत्यनारायण प्रसाद,चुल्ली अहमद आदि शामिल रहे।