मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बा के सैफनपुर मुहल्ला में शिवमंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद प्रवचन कार्यक्रम शुरू किया गया। प्रवचन से पूर्व शुक्रवार को दिन में विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा कस्बा के विभिन्न मार्गो से होकर पुन: मंदिर स्थल पर समाप्त हुई।कस्बा कर सैफनपुर मुहल्ला स्थित डोमदेरवा के पास युवराज क्लब के नेतृत्व और श्री शिव मंदिर सेवा समिति के तत्वाधान में शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में मूर्ति स्थापना को लेकर पांच दिवसीय प्रवचन, अन्नाधिवासन, जलाधिवासन,फलाधिवासन, दुग्धीवासन पुष्पधिवासन, वेदी निर्माण आदि का कार्य सम्पन्न कराया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रवचन से पूर्व मंदिर समिति के तत्वाधान में गाजे बाजे के साथ विशाल कलश यात्रा निकली। मंदिर स्थल से होकर कलश यात्रा इदारतगंज, आदर्श नगर, रोडवेज, गांधी नगर, स्टेशन रोड व चौक होते हुए पुन: मंदिर स्थल पर समाप्त हुई। मंदिर निर्माण के प्रेरक लल्लन चौहान ने बताया कि पांच दिवसीय प्रवचन कार्यक्रम में बुंदेलखंड से आई कथावाचिका अखिलेश्वरी देवी, नीरज शास्त्री व रमाशंकर सिंह आदि द्वारा सायंकाल प्रवचन किया जाएगा। इस दौरान जय मंगल सिंह आदि मौजूद रहे।