शारदा नारायन हॉस्पिटल में सोमवार को आईएसएआर फाउंडेशन दिवस पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बांझपन के मरीजों की समस्याओं पर विशेषज्ञ डाक्टरों ने अपनी राय दी। साथ ही जागरूकता रैली निकालकर इसके प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान निशुल्क शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 85 मरीजों की जांच की गई।
गोष्ठी का शुभारंभ शारदा नारायण टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के डायरेक्टर एवं बांझपन विशेषज्ञ डॉ. एकिका सिंह द्वारा किया गया। इसके बाद डा. एकिका सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को बताया कि किन किन कारणों से दंपती बांझपन का शिकार होते हैं, साथ इससे बचाव के बारे में जानकारी दी। गोष्ठी में डॉ कुसुम वर्मा ने अपना विचार रखा। गोष्ठी के समापन पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली अस्पताल प्रांगण से शुरू होकर गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़, रोडवेज सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस अस्पताल प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान रैली में शामिल सदस्यों ने लोगों को बांझपन के प्रति बचाव के लिए जागरूक किया। रैली में शामिल लोग हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां व बैनर लेकर चल रहे थे। डॉ. एकिका सिंह और उनकी टीम ने 85 मरीजों कीं जांच की। इस मौके पर इनरव्हील क्लब मऊ की फाउंडर मेंबर आशा खत्री, मीना अग्रवाल, प्राचार्या हुमा परवेज, डॉ. कुसुम वर्मा, डॉ संजय सिंह, डॉ. सुजीत सिंह, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. स्निग्धा सोनल, डॉ. राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।