उ.प्र. मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ द्वारा संचालित वर्ष 2019 की उर्दू अरबी, फारसी की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक महाविद्यालय, चार एडेड इंटर कॉलेज और 18 मदरसे शामिल हैं। इन केंद्रों पर सात हजार परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है। सबसे अधिक आठ मदरसों के परीक्षार्थी नगर के शाही कटरा स्थित मदरसे में बैठेंगे। कुर्थीजाफरपुर स्थित एक मदरसे के छात्रों का परीक्षा क ेंद्र सबसे अधिक सात किलोमीटर दूर कोपागंज बनाया गया है। शेष मदरसों के केंद्र दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर है।
जिले में कुल 38 अनुदानित और 157 गैर अनुदानित मदरसे हैं। इनमें प्राइमरी से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के छात्र छात्राओं की संख्या सात हजार 163 है। उप्र. मदरसा शिक्षा बोर्ड की वर्तमान गाइड लाइन की अनुरूप अनुदानित मदरसों अथवा अनुदानित इंटर कालेजों में ही इन मदरसों के परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं। मदरसों की कक्षाओं, बेंच ,डेस्क और आवागमन की सुविधाओं से लेकर सीसीटीवी की उपलब्धता वाले मदरसों, इंटर कालेजों की उपजिलाधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद मदरसा परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की आठ जनवरी को हुई बैठक में परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। ये परीक्षाएं 11 फरवरी से दो मार्च तक होनी हैं। इस बाबत जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन कहते हैं कि मदरसा शिक्षा बोर्ड के निर्देश के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। इन परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी।