कस्बे में पेयजल आपूर्ति के लिए जलनिगम द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन इन दिनों कस्बे के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी है। ऐसे में दुबारी सब्जी मंडी परिसर में जल भराव की स्थिति बनी है। जगह-जगह कीचड़ होने से दुकानदारों और ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद अधिकारी समस्या का निस्तारण नहीं कर रहे है।
जलनिगम द्वारा करीब तीन दशक पूर्व दुबारी सहित आसपास के 20 गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइन मरम्मत के अभाव में जर्जर हालात में पहुंच चुकी है। इससे आए दिन आपूर्ति के समय प्रेशर से पानी छोड़े जाने से पाइप लाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो जाती है। फलस्वरूप आस पास सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ ही बहने के साथ आस पास खाली जगहों पर जमा होता है। पिछले कुछ दिनों से कस्बे के मस्जिद के पास मुख्य मार्ग पर लीकेज के चलते पानी सड़क के दूसरी तरफ लगने वाली सब्जी मंडी में पानी जमा हो रहा है। इससे कई जगहों पर कीचड़ की स्थिति बन गई है। व्यापारी वकील अहमद, दीपन मौर्य, राम बदन मौर्य, बालमुकुंद मौर्य, मानिकचंद्र आदि ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। लेकिन बावजूद इसके लीकेज को दुुुरस्त नहीं कराया जा रहा।
इस बाबत जलनिगम के अधिशासी अभियंता एमए किदवई ने कहा कि समस्या उनके संज्ञान में है। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।