सरसेना। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र की नगर पंचायत चिरैयाकोट में अधिशासी अधिकारी की स्थायी रूप से तैनाती न होने से विकास कार्य ठप पड़े हैं। ईओ के लगातार न बैठने से विकास कार्यों की रूपरेखा नहीं बन पा रही है। रास्तों और नालों की साफ सफाई, पेयजल, सड़क निर्माण आदि कार्य ठप पड़े हैं।
चिरैयाकोट नगर पंचायत के गठन के लगभग एक वर्ष हो चुके हैं। अभी तक यहां पर स्थायी रूप से अधिशासी अधिकारी की तैनाती न होने से विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। नपां में अब तक मात्र सफाईकर्मी ही लगाए गए हैैं। उनकी भी संख्या आवश्यकता के अनुसार कम है। कोपागंज में तैनात ईओ अजय कुमार को चिरैयाकोट नगरपंचायत का अतिरिक्त चार्ज दिया गया था, लेकिन उनका स्थानांतरण बरेली जनपद के नवाबगंज नगरपालिका में हो गया। अजय कुमार यहां से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले स्थान पर चले गए है। तब से यहां पर किसी की नियुक्ति नहीं की जा सकी है। मौजूदा समय में नगर पंचायत कार्यालय का कार्य मात्र एक बाबू रामप्रसाद यादव और एक कंप्यूटर आपरेटर रिंकेश यादव के भरोसे चल रहा है। इस बाबत रामप्रसाद यादव का कहना है कि चिरैयाकोट नवसृजित नगरपंचायत होने के कारण विकास की कुछ योजनाएं आई हैैं। जलनिकासी के लिए नालों के निर्माण, गलियों की मरम्मत, सुलभ शौचालय के तहत कार्य होना है।