प्रयागराज से बस से रोडवेज पहुँचे छात्र,मौजूद पुलिस।
- फोटो : MAU
मऊ। प्रयागराज से 14 रोडवेज बसों से 582 छात्र छात्राएं बुधवार को यहां रोडवेज पहुंचे। आने वाले छात्र वहां कोचिंग करने के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। बसों के आने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। जनपद की सीमा में आने पर छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई । इस दौरान सभी छात्र सामान्य मिले। स्क्रीनिंग के बाद बस से ही उन्हें घर के नजदीकी स्थानों तक छोड़ गया। सूचना पर उन्हें लेने परिजन पहुंचे थे। प्रयागराज में रहकर कोचिंग तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों को भेजा गया था। गाइडलाइन के तहत सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रत्येक बस में केवल 26 छात्रों को लाया गया। मऊ डिपो से 14 बसों को प्रयागराज भेजा गया था। शुरु की कुछ बसों में 26 ही छात्रों को बिठाया गया था। लेकिन बाद में संख्या अधिक हो गई। मंगलवार की देर शाम प्रयागराज से चलीं बसें बुधवार की सुबह यहां रोडवेज पर पहुंची। उधर, छात्र-छात्राओं को लेने के लिए उनके कुछ अभिभावक रोडवेज तो कुछ बताए गए स्थानों पर पहुंचे थे। छात्रों के अभिभावकों से कहा गया है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए बताए गए दिशा निर्देशों का पालन करते हुए 14 दिन तक होम क्वारंटीन वारंटी रहे। अभी भी जिले के काफी छात्र छात्राएं प्रयागराज में फंसे है। उन्हें लाने के लिए बुधवार को दोपहर से मऊ से 25 रोडवेज बसों को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। जबकि आजमगढ़ रीजन से 88 रोडवेज बसें प्रयागराज भेजी गई हैं। ये बसें छात्र छात्राओं को लेकर वृहस्पतिवार यहां पहुंचेंगी। एआरएम विवेकानंद त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक बस में सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए 26 छात्रों को बिठाया गया था। इन छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग जिले की सीमा पर स्वास्थ्य टीमों ने की। इसकेे बाद उन्हें घरों के लिए रवाना किया गया। छात्रों को घरों पर14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने को कहा गया।