कोपागंज (मऊ)। कस्बे में बिजली विभाग के प्राइवेट कर्मचारी बताकर चेकिंग के नाम पर कुछ लोगों द्वारा दुकानदारों से वसूली की जा रही है। इसको लेकर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
कोपागंज निवासी आशीष, राजेश, मुमताज, विजय, बालचंद्र ,अमर नाथ, आजाद, वीरेंद्र आदि ने बताया कि क्षेत्र में गत माह एक आठ से दस युवकों का एक दल अपने को बिजली विभाग का प्राइवेट कर्मचारी बताकर चेकिंग किया। इस दौरान कई लोगों को रुपये की मांग की, ना देने पर उन्हें बिजली चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। लोगों ने बताया कि इसको लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। लेकिन विभाग द्वारा ऐसे लोगों पर लगाम कसने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस बाबत डांडी तथा तड़ियांव उपकेंद्र के एसडीओ जीतेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं आया है, अगर ऐसा है तो इसकी जॉच कराई जाएगी।