मुहम्मदाबाद गोहना। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में जनपद की छह नगर पंचायतो और एक नगर पालिका के कुल 5600 पात्रों में से 4000 से अधिक लाभार्थियों को अपने आवास निर्माण के लिए दूसरी क़िश्त का इंतजार है। चयनित पात्रों को 50 हजार की पहली क़िश्त मिलने के बाद दूसरी व तीसरी क़िश्त का इंतजार भारी पड़ रहा है। उधर सौ दिन चले अढ़ाई कोस की कहावत को चरितार्थ करते हुए प्रधान मंत्री आवास निर्माण कार्य की जिम्मेदार संस्था डूडा के अधिकारी व कर्मचारी कान में तेल डाले बैठे हैं।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत जिला के शहरी व नगरी निकायों में अभी तक कुल 5600 परिवारों का चयन किया गया है। योजना के अंर्तगत प्रत्येक चयनित परिवार को तीन किश्तों में ढाई लाख रुपये दिए जाने है। जनपद में चयनित पात्रों में से 5 हजार से अधिक पात्रों को पहली किश्त का 50 हजार रुपया दिया जा चुका है, लेकिन लगभग चार हजार पात्र व्यक्तियों को डेढ़ लाख रुपये की दूसरी किश्त का इंतजार है। किश्त के अभाव में अधिकांश लाभार्थियों के मकानों का निर्माण कार्य रुका हुआ है।
इस बाबत डूडा विभाग के परियोजना निदेशक एमपी सिंह का कहना है कि जनपद की पुरानी छह नगर पंचायतों, मऊ नगर पालिका के कुल 5600 पात्रों को इस योजना के पहले चरण में चयनित किया गया है जिसमे लगभग सभी को 50 हजार रुपये की पहली किश्त का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 1681 पात्रों को डेढ़ लाख की दूसरी किश्त और 64 लाभार्थियों को 50 हजार की तीसरी व अंतिम किश्त भी दी जा चुकी है। कहा कि शेष लाभार्थियों की बकाया किश्त को लेकर शासन में सूची भेज दी गई है।