वलीदपुर(मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के कोइरियापार क्षेत्र के दुर्गा मंदिर गौहरपुर प्रागंण में पुुर्वांचल घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जगहों से घुड़सवार प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें बलिया जिले के घुड़सवार बुद्धन विजेता बने।
शनिवार को बाबा श्यामा उर्फ फलहारी बाबा की स्मृति में शनिवार को कोईरियापार में हर साल की भांति इस बार भी पूर्वांचल स्तरीय घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जगहों से आए 36 घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित हुआ। फाइनल चरण में आठ घुड़सवार पहुंचे, जहां सबको पछाड़ते हुए बलिया जिले के घोड़ा नंबर 17 पर सवार बुद्धन विजेता बने। जबकि दूसरे स्थान पर घोड़ा नंबर 19 पर सवार अजीत उर्फ गोलू पहलवान विजेता बने। इससे पहले प्रतियोगिता के दूसरे चरण में 34 घुड़सवारों ने 16 सौ मीटर की दौड़ की। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य मनोज राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने शील्ड व साफा देकर पुरस्कृत किया। घुड़दौड़ प्रातियोगिता के रेफरी रब्बानी खाँ, अमरजीत चौहान, अमरेश यादव रहे। इस मौके पर आयोजक व फलहारी बाबा के शिष्य अखिलेश ब्रह्मचारी महाराज, भीम, जनार्दन चौहान, मिथिलेश यादव, नारद यादव, अमरेश यादव, रामबचन यादव, कंता यादव, प्रमोद सिंह, श्यामनरायन, पारस नाथ यादव, श्रीकांत यादव, विश्वनाथ चौहान, मंटू यादव आदि रहे।