मुहम्मदाबाद गोहना। प्राथमिक विद्यालयों नामांकन बढ़ाने को लेकर सर्व शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना शिक्षा क्षेत्र के सुरहुरपुर न्याय पंचायत के समस्त विद्यालयों की जागरूकता रैली निकली गई। रैली को क्षेत्रीय विधायक प्रतिनिधि संजय तिवारी और भाजपा नेता पप्पू सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
रैली को रवाना करते हुए संजय तिवारी ने कहा कि सरकार प्राथमिक स्तर की शिक्षा में सुधार को लेकर काफी गंभीर है। आज आवश्यकता है कि समाज के सभी लोग अपने बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के लिए उनका प्रवेश सरकारी विद्यालयों में अवश्य कराएं। इसके लिए सभी शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें और उन्हें अपने बच्चों का नामांकन करा स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें तभी रैली की सार्थकता साबित होगी। रैली के दौरान स्कूली छात्रों ने आधी रोटी खाएंगे स्कूल पढ़ने जाएंगे जैसे लिखे स्लोगन से ग्रामीणों को प्रेरित किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक, न्याय पंचायत समन्वयक और रैली संयोजक शशिभूषण राय, राम प्रवेश यादव, ऊषा कुमारी, बासुकी तिवारी, स्वतंत्र श्रीवास्तव, मतिउल्लाह, विजय सिंह, सतीश मौर्य सहित अन्य मौजूद रहे।