छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस में वायरलेस विभाग में आरक्षी आशुतोष पांडेय का शव मंगलवार को उसके घर लैरोदोनवार पहुंचा। इस दौरान उसके दरवाजे पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। शव आने के बाद चारों तरफ का माहौल ग़मगीन हो गया। आशुतोष पांडेय (25) कोपागंज थाना क्षेत्र के लैरो दोनवार गांव का निवासी था। वर्तमान समय में वह रायपुर में तैनात था। इस समय आशुतोष की ड्यूटी गरियाबंद के कुंभ मेले में लगी थी। शनिवार की रात 10 बजे वह अचानक लापता हो गया। स्थानीय पुलिस के खोजबीन करने पर उसका शव रविवार को नदी के पास से बरामद हुआ। विभाग के लोगों ने आरक्षी की हत्या होने की आशंका जताई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आशुतोष पांडेय के साथ ड्युटी में लगें दो सिपाहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आशुतोष बीते दिसंबर में अपने भांजे के जन्म दिन पर घर आया था। इस दैरान पत्नी से 17 फ़रवरी को शादी की सालगिरह पर घर आने का वादा करके गया था। लेकिन सालगिरह के कुछ दिन पहले ही शव आने से पूरे गांव में शोक छा गया। वही उसके माता, पिता नागेंद्र और पत्नी को रो रोकर बुरा हाल था।