उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से टीजीटी परीक्षा जिले में बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जिले में दोनों पालियों में कुल 14067 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 8971 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5096 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई, जिनमें मुस्लिम इंटर कॉलेज, डीसीएसके पीजी कॉलेज, सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी, संत गणिनाथ पीजी कॉलेज सहित केंद्र शामिल रहे। इस पाली में 5840 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3506 उपस्थित रहे।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जिनमें सोनीधापा बालिका इंटर कॉलेज, डीसीएसके पीजी कॉलेज, सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी, मुस्लिम इंटर कॉलेज, नेहरू इंटर कॉलेज रतनपुरा, शहीद इंटर कॉलेज मधुबन सहित केंद्र शामिल रहे। इस पाली में 8427 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5465 ने परीक्षा दी।
परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर आत्मविश्वास झलक रहा था। वे आपस में प्रश्नपत्र पर चर्चा करते नजर आए।