स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में देश में 278वां, प्रदेश में 14वां तथा मंडल में पहला स्थान मिलने से उत्साहित नगर पालिका अब नगर को स्वच्छ करने में जी जान से जुट गई है। मकसद टॉप टेन में शामिल होना है। इसके लिए नगर क्षेत्र में कचरा संग्रह करने के लिए नगर में हर 500 मीटर पर कंटेनर रखवाने का निर्णय लिया गया है। यह कंटेनर मुख्य मार्गों, बाजारों और 42 वार्डों में रखे जाएंगे। ताकि नगर में गंदगी न दिखे। वहीं गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
योजना के तहत नगर के मुख्य बाजार, मुख्य मार्गो और नगर के 42 वार्डो में 500 जगहों पर 500 कंटेनर रखें जाएंगे। कंटेनर रखने का कार्य ऐसे तो मानसून सत्र से पूर्व कर लेना था, लेकिन अब नगर पालिका द्वारा इसे रखवाने के लिए प्रयास तेज कर चुकी है। इसके तहत 50 कंटेनर नगर पालिका द्वारा मंगवाया भी जा चुका है। नगर में वर्तमान में मुंशीपुरा बाजार, सहातदपुरा बाजार और निजामुदीनपुरा मोहल्ला, भीटी, खास बाजार, मिर्जाहादीपुरा, गाजीपुर तिराहा सहित शहर के विभिन्न बाजारों में करीब 200 कंटेनर लगाए गए है। लेकिन 90 फीसदी से ज्यादा कंटेनर या तो कंडम हो चुके हैं या गल चुके है। जिसके चलते बाजारों और वार्डो से निकलने वाला कचरा लोग कंटेनर के बजाए सड़कों पर फेंक रहे है।
जनवरी माह में स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर का भौतिक सत्यापन करने के लिए आई टीम द्वारा इस समस्या को लेकर ततकालीन ईओ आशीष ओझा से चर्चा कर उसे दूर करने की बात भी कही थी।
जिसको लेकर विगत माह पूर्व ही इस समस्या का निस्तारण के लिए शहर में 500 नए कंटेनर लगाए जाने का निर्णय लेते हुए टेंडर जारी किया गया था। गत दिवस सर्वेक्षण में सकारात्मक परिणाम जारी होने के बाद नगर पालिका द्वारा कवायद तेज करते हुए ठेकेदार को जल्द से जल्द कंटेनर लगाए जाने का निर्देश दिया गया है। नगर पालिका परिष्ाद मंगाए गए कंटेनरों को दो चरणों में लगाएगी। पहले चरण में शहर के मुख्य बाजार और मुख्य मार्गो पर 200 कंटेनर लगाए जाएंगे। दूसरे चरण में नपा के 42 वार्डो में शेष 300 कंटेनर लगाए जाएंगे।